दिल्ली के चर्चित मुस्कान हत्याकांड की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, मामले में नए तथ्य सामने आ रहे हैं। वारदात का मुख्य आरोपी आकिब उर्फ इमरान फिलहाल अस्पताल में पुलिस की कड़ी निगरानी में इलाज करा रहा है। उसकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए अभी तक पुलिस ने उसकी औपचारिक गिरफ्तारी नहीं की है।
पुलिस के मुताबिक, डॉक्टरों से हरी झंडी मिलते ही आरोपी को अस्पताल से छुट्टी दिलाकर हिरासत में लिया जाएगा। इसके बाद उससे गहन पूछताछ की जाएगी और घटनास्थल पर ले जाकर सीन रिक्रिएट कराया जाएगा। इस दौरान पुलिस यह समझने की कोशिश करेगी कि वारदात वाले दिन घटनाक्रम किस तरह हुआ और किन परिस्थितियों में मुस्कान की हत्या की गई।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उसे अदालत में पेश कर पुलिस कस्टडी रिमांड मांगने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान पूछताछ के जरिए हत्या की असली वजह, घटनाक्रम की पूरी कड़ी और किसी अन्य व्यक्ति की संभावित भूमिका का पता लगाने की कोशिश होगी।
पुलिस घटनास्थल से जुड़े तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों को भी जांच का हिस्सा बना रही है। फिलहाल जांच एजेंसियों का फोकस आरोपी की सेहत में सुधार और उसके बाद की कानूनी कार्रवाई पर है।
वहीं, रविवार को दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता मुस्कान के परिजनों से मुलाकात करेंगी। राष्ट्रीय महिला आयोग पहले ही मामले का संज्ञान ले चुका है। इससे पहले विहिप पदाधिकारियों ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव कानूनी मदद का भरोसा दिया था।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


