Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : कांग्रेस पार्षद पर हमला, MCD दफ्तर में कुर्सियों से मारपीट का Video वायरल

Delhi : कांग्रेस पार्षद पर हमला, MCD दफ्तर में कुर्सियों से मारपीट का Video वायरल

Delhi Samachar20 August 2026, 06:13 AM4 views

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के बाबरपुर विधानसभा क्षेत्र के कबीर नगर वार्ड नंबर 234 से कांग्रेस के निगम पार्षद पर कथित हमले का मामला सामने आया है। बुधवार दोपहर शाहदरा नॉर्थ जोन अध्यक्ष के कार्यालय में पार्षद के साथ मारपीट का आरोप है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग हंगामा करते और पार्षद की तरफ कुर्सियां फेंकते नजर आ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि विवाद कबीर नगर इलाके में चल रही कथित अवैध फैक्ट्रियों को MCD की ओर से दिए गए सीलिंग नोटिस को लेकर शुरू हुआ। कुछ लोगों को शक था कि ये नोटिस पार्षद के कहने पर जारी किए गए हैं। हालांकि, पार्षद ने इस आरोप को खारिज किया है। उनका कहना है कि नोटिस जारी कराने में उनकी कोई भूमिका नहीं है और MCD अधिकारियों ने अपने स्तर पर कार्रवाई की है।

शाहदरा नॉर्थ जोन के अध्यक्ष पंकज लूथरा के मुताबिक, पार्षद घबराए हुए उनके कार्यालय पहुंचे थे और उन्होंने खुद को खतरा बताते हुए मदद मांगी। इसके कुछ देर बाद कई लोग कार्यालय में पहुंचे, जहां पहले गाली-गलौज और फिर मारपीट शुरू होने का आरोप है।

पार्षद ने दावा किया कि घटना के वक्त वेलकम थाने के SHO भी मौके पर मौजूद थे। हालांकि, इस दावे और वायरल वीडियो की पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल मामले को लेकर जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: