Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : पतंग खींचते ही जल उठा 17 साल का किशोर, हाईटेंशन वायर से टकराया मांझा

Delhi : पतंग खींचते ही जल उठा 17 साल का किशोर, हाईटेंशन वायर से टकराया मांझा

Delhi SamacharDelhi Samachar16 August 2026, 12:03 PM11 views

पूर्वी दिल्ली के गाजीपुर इलाके में पतंग उड़ाना एक 17 वर्षीय किशोर के लिए बेहद खौफनाक हादसे में बदल गया। पुराना कुंडली इलाके में पतंग उड़ाते समय मांझा हाईटेंशन बिजली की लाइन में जा फंसा। जैसे ही किशोर ने मांझे को खींचने की कोशिश की, वह करंट की चपेट में आ गया और देखते ही देखते उसके शरीर में आग लग गई।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें किशोर आग की चपेट में आता दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत घायल किशोर को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अब उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मकान मालिक के मुताबिक, किशोर घर की छत से पतंग उड़ा रहा था। पतंग ऊपर हाईटेंशन लाइन में फंस गई और मांझा बिजली के तार से संपर्क में आ गया। मांझा खींचते ही किशोर करंट की चपेट में आ गया।

हादसे के बाद एक बार फिर खतरनाक मांझे के इस्तेमाल पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने इसे चाइनीज मांझा बताया है, हालांकि मांझे की वास्तविक प्रकृति और हादसे की वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पतंग के मांझे से होने वाले हादसे पहले भी सामने आते रहे हैं। कभी राहगीर इसकी चपेट में आते हैं तो कभी बिजली के तारों में फंसकर जानलेवा घटनाएं होती हैं। ऐसे में सवाल है कि प्रतिबंधित और खतरनाक मांझे की बिक्री पर पूरी तरह रोक कब लगेगी?

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।