दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में पेट्रोलिंग टीम की सतर्कता से एक हथियारबंद युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। मामला 17 सितंबर की रात का है, जब ज्योति नगर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम अशोक नगर फ्लाईओवर के नीचे रेलवे लाइन के पास गश्त कर रही थी।
इसी दौरान पुलिस की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो वहां घूम रहा था। पुलिस टीम को देखते ही युवक ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पेट्रोलिंग टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी की पहचान गोलू उर्फ पिस्टल के तौर पर की है, जिसकी उम्र 18 साल बताई जा रही है। आरोपी अमर कॉलोनी, ईस्ट गोकलपुर का रहने वाला है। मामले में ज्योति नगर थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अवैध हथियार के साथ अपनी फोटो इंस्टाग्राम पर अपलोड करने की बात भी कबूल की। अब पुलिस सोशल मीडिया एंगल के साथ-साथ यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी तक हथियार कहां से पहुंचा।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


