Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : IPS अनुराग कुमार बने दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर, सतीश गोलचा की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

Delhi : IPS अनुराग कुमार बने दिल्ली पुलिस के नए कमिश्नर, सतीश गोलचा की जगह संभालेंगे जिम्मेदारी

Delhi Samachar17 July 2026, 07:17 AM12 views

केंद्र सरकार ने दिल्ली पुलिस के शीर्ष नेतृत्व में बड़ा बदलाव करते हुए 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार को राजधानी का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। वे 1992 बैच के आईपीएस सतीश गोलचा का स्थान लेंगे। गृह मंत्रालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, अनुराग कुमार की नियुक्ति उनके कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक जारी रहेगी।

अनुराग कुमार इससे पहले इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ कैबिनेट (ACC) ने उन्हें आईबी से उनके मूल एजीएमयूटी कैडर में वापस भेजा था। इसके अगले ही दिन उन्हें दिल्ली पुलिस की कमान सौंपने का फैसला किया गया।

अनुराग कुमार का पुलिसिंग में लंबा और व्यापक अनुभव रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत दिल्ली पुलिस से की थी और राजधानी के कई जिलों में डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (डीसीपी) के रूप में अहम जिम्मेदारियां निभाईं। बाद में वे आईबी में शामिल हुए, जहां अपनी कार्यकुशलता के दम पर स्पेशल डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पद तक पहुंचे।

वहीं, सतीश गोलचा को अनुराग कुमार के कार्यभार संभालने के बाद आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, उनका कार्यकाल अप्रैल 2027 तक था, लेकिन केंद्र सरकार ने तय समय से पहले ही उन्हें दिल्ली पुलिस कमिश्नर के पद से हटा दिया।

दिल्ली पुलिस की कमान अब ऐसे अधिकारी के हाथों में होगी, जिन्हें राजधानी की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र का गहरा अनुभव है। ऐसे में नई नियुक्ति को दिल्ली पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: