दिल्ली के नबी करीम इलाके में पुलिस ने CCTV फुटेज और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार कर चोरी का iPhone-13 बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 30 वर्षीय अज़ीम उर्फ भोला के रूप में हुई है, जो नबी करीम का रहने वाला है।
मामला 28 अगस्त की रात करीब 11 बजे का है। गुजरात के सूरत जिले से दिल्ली आए एक पर्यटक और उसके दोस्त पुल पहाड़गंज के पास होटल तलाश रहे थे। इसी दौरान एक युवक ने बातचीत में उन्हें उलझाकर उनका ध्यान भटकाया और पर्यटक की जेब से iPhone-13 निकाल लिया।
शिकायत मिलने के बाद नबी करीम थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने इलाके के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में आरोपी को पीड़ित से बातचीत करने और उसके बाद मोबाइल निकालते हुए देखा गया। CCTV विश्लेषण और स्थानीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी से नबी करीम और नंद नगरी थाने के दो अन्य मामलों का भी खुलासा हुआ। पुलिस के मुताबिक, अज़ीम नंद नगरी थाने में दर्ज लूट के एक मामले में घोषित अपराधी भी था। उसके खिलाफ पहले से लूट और आर्म्स एक्ट समेत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी हुआ iPhone-13 बरामद कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


