Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : 15 अगस्त पर तिरंगामय हुई राजधानी, बाजारों से गलियों तक गूंजे देशभक्ति के तराने

Delhi : 15 अगस्त पर तिरंगामय हुई राजधानी, बाजारों से गलियों तक गूंजे देशभक्ति के तराने

Delhi Samachar15 August 2026, 06:07 AM5 views

15 अगस्त के मौके पर राजधानी दिल्ली देशभक्ति के रंग में पूरी तरह रंगी नजर आई। सुबह से ही गलियों, बाजारों और प्रमुख इलाकों में तिरंगे की शान दिखाई दी। मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और चर्चों को विशेष रूप से सजाया गया, जबकि कई सरकारी इमारतें तिरंगी रोशनी से जगमगाती नजर आईं।

स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह का केंद्र लाल किला रहा, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्राचीर से राष्ट्रध्वज फहराकर देश को संबोधित किया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘वंदे मातरम्’ रखी गई। लाल किले और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए और कई बाजारों को सुरक्षा कारणों से समय से पहले बंद कराया गया।

पुरानी दिल्ली के जामा मस्जिद, चांदनी चौक, दरियागंज, तुर्कमान गेट, बल्लीमारान, चावड़ी बाजार और सदर बाजार में देशभक्ति का अलग ही नजारा देखने को मिला। घरों और दुकानों की छतों पर तिरंगे लहराते दिखे और गलियों में देशभक्ति के गीत गूंजते रहे।

लाल कुआं के पतंग बाजार में भी खरीदारों की भारी भीड़ रही। तिरंगे वाली पतंगों के साथ बच्चों और युवाओं में देशभक्ति से जुड़े कपड़ों, टोपियों और तिरंगे वाली एक्सेसरीज का खासा उत्साह दिखा। बाजारों में तिरंगे थीम की मिठाइयां भी आकर्षण का केंद्र रहीं।

शाम होते-होते इंडिया गेट, कर्तव्य पथ और कनॉट प्लेस में भी लोगों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद रही। परिवार और दोस्तों के साथ तिरंगा लेकर पहुंचे लोगों ने स्वतंत्रता दिवस को पूरे उत्साह और गर्व के साथ मनाया।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: