Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : हरि नगर में तीन शातिर सेंधमार गिरफ्तार, चोरी की बाइक और लाखों के सामान समेत सेंधमारी के औजार बरामद

Delhi : हरि नगर में तीन शातिर सेंधमार गिरफ्तार, चोरी की बाइक और लाखों के सामान समेत सेंधमारी के औजार बरामद

Delhi SamacharDelhi Samachar09 September 2026, 08:16 AM15 views

पश्चिमी दिल्ली के हरि नगर इलाके में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर और आदतन सेंधमारों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, सोने के रंग के आभूषण, घड़ियां, तीन पासपोर्ट, पहचान से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6 बजे हरि नगर इलाके में मकान में सेंधमारी की सूचना मिली थी। मामले में हरि नगर थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी इलाके में उसी दिन सेंधमारी की दो और घटनाएं सामने आईं।

मामलों की गंभीरता को देखते हुए हरि नगर पुलिस चौकी प्रभारी SI मंदीप कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी निगरानी की और स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई। जांच के दौरान संदिग्धों की गतिविधियां मुंडका की ओर जाती हुई मिलीं और पुलिस ने 50 वर्षीय विजय सिंह की पहचान की।

पुलिस टीम ने उसी दिन विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से Honda Shine मोटरसाइकिल नंबर DL-11PJ-3409 बरामद हुई। जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल भी चोरी की थी और नॉर्थ रोहिणी थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पूछताछ के दौरान विजय सिंह ने अपने साथियों के बारे में जानकारी दी और पुलिस को उनके निलोठी स्थित ठिकाने तक पहुंचाया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर रघुवीर सिंह उर्फ बॉन्डी उर्फ सतनाम उर्फ अजय सिंह और सिकंदर सिंह को भी दबोच लिया।

आरोपियों के पास से क्या-क्या मिला?

पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से—

- तीन पासपोर्ट

- दो कलाई घड़ियां

- एक सोने के रंग का कड़ा

- एक सोने के रंग की अंगूठी

- एक सोने के रंग की चरणपादुका

- तीन सोने के रंग की चेन, जिसमें एक लॉकेट वाली चेन शामिल है

- एक जोड़ी बहुरंगी बालियां

- एक नीले रंग का बैग

- ज्वेलरी का बिल

- CGHS कार्ड, PAN कार्ड और Voter ID Card

- तथा सेंधमारी में इस्तेमाल होने वाले औजारों से भरे दो अलग-अलग बैग बरामद किए गए।

तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के अनुसार विजय सिंह पर पहले से 7 आपराधिक मामले, रघुवीर सिंह पर 20 से अधिक मामले और सिकंदर सिंह पर 22 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों का एक अन्य साथी समित पुत्र सोनार पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई से हरि नगर और कीर्ति नगर थाना क्षेत्रों में हुई कई सेंधमारी की वारदातों का खुलासा हुआ है। साथ ही नॉर्थ रोहिणी थाना क्षेत्र से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

फिलहाल पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।