दिल्ली में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण तेजी से पैर पसार रहा है। राजधानी में इस साल अब तक सामने आए मरीजों की संख्या 3200 के पार पहुंच गई है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 31 अगस्त तक दिल्ली में H1N1 के 3218 मामले दर्ज किए जा चुके हैं। खास बात यह है कि यह संख्या वर्ष 2024 में सामने आए कुल 3151 मामलों से भी ज्यादा है।
सिर्फ 31 अगस्त को दिल्ली में 164 नए मरीज मिले। इससे पहले 29 अगस्त को एक दिन में 199 नए मामले सामने आए थे, जबकि 30 अगस्त को 48 मरीजों की पुष्टि हुई थी। लगातार बढ़ते मामलों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है।
आंकड़ों पर नजर डालें तो 2019 में दिल्ली में H1N1 के 3627 मामले सामने आए थे और 31 मरीजों की मौत हुई थी। इसके बाद 2020 में 412, 2021 में 92, 2022 में 442, 2023 में 209, 2024 में 3151 और 2025 में 229 मामले दर्ज किए गए थे। इस साल अब तक सरकारी आंकड़ों में H1N1 से किसी मौत की पुष्टि नहीं हुई है।
दिल्ली सरकार ने बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अस्पतालों को आइसोलेशन सुविधा, जांच, दवाओं और आपात सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए हैं। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और कमजोर प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। तेज बुखार, सांस लेने में दिक्कत या गंभीर लक्षण होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करने की अपील की गई है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


