दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स यानी SRCC के लिए आज का दिन बेहद खास है। कॉलेज की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद भी करेंगे।
हालिया Gen-Z आंदोलन और युवा केंद्रित गतिविधियों के बीच प्रधानमंत्री का यह छात्रों के बीच पहला बड़ा प्रत्यक्ष संवाद माना जा रहा है। उनके दौरे को लेकर SRCC से लेकर दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस तक उत्साह का माहौल है। कॉलेज प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं।
प्रधानमंत्री का छात्रों के बीच जाना केवल शैक्षणिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं माना जा रहा। राजनीतिक जानकार इसे युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से सीधे जुड़ने की महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देख रहे हैं। विपक्षी दल भी लगातार युवाओं और छात्रों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय को लंबे समय से छात्र राजनीति की महत्वपूर्ण नर्सरी माना जाता है। ऐसे में प्रधानमंत्री का यहां छात्रों से संवाद करना युवा राजनीति के साथ-साथ विकसित भारत 2047, स्टार्टअप, इनोवेशन और रोजगार जैसे मुद्दों पर भी चर्चा का अवसर देगा।
प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले जून 2023 में डीयू के शताब्दी समारोह में शामिल हुए थे। उस दौरान उन्होंने मेट्रो से यात्रा करते हुए छात्रों से अनौपचारिक बातचीत की थी और छात्रों व शिक्षकों को संबोधित किया था। अब एक बार फिर उनका डीयू पहुंचना युवाओं के साथ संवाद को लेकर सरकार की प्राथमिकता को दर्शाता है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


