Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi: E20 पेट्रोल पर सियासत तेज:  केजरीवाल ने पीएम को लिखा पत्र, शुद्ध पेट्रोल का विकल्प और सस्ती कीमत की मांग

Delhi: E20 पेट्रोल पर सियासत तेज: केजरीवाल ने पीएम को लिखा पत्र, शुद्ध पेट्रोल का विकल्प और सस्ती कीमत की मांग

Delhi SamacharDelhi Samachar14 July 2026, 11:00 AM6 views

इथेनॉल मिश्रित E20 पेट्रोल को लेकर देश में बहस लगातार तेज होती जा रही है। इसी बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर मुलाकात का समय मांगा है। अपने पत्र में केजरीवाल ने कहा कि वे E20 पेट्रोल से जुड़े तकनीकी पहलुओं और आम लोगों से मिली प्रतिक्रियाओं को सीधे प्रधानमंत्री के सामने रखना चाहते हैं।

केजरीवाल ने मांग की है कि देश के सभी पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ताओं को दो विकल्प दिए जाएं—एक शुद्ध पेट्रोल और दूसरा E20 पेट्रोल। उनका कहना है कि यदि कोई वाहन चालक शुद्ध पेट्रोल का उपयोग करना चाहता है तो उसे यह सुविधा मिलनी चाहिए, जबकि E20 पेट्रोल इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए भी पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए।

इसके साथ ही उन्होंने E20 पेट्रोल की कीमत कम करने की भी मांग उठाई है। उनका दावा है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से कई वाहनों में माइलेज कम मिलता है, इसलिए इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल से कम होनी चाहिए ताकि उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

इस मुद्दे पर लोगों की राय जुटाने के लिए आम आदमी पार्टी ने एक ऑनलाइन याचिका भी शुरू की है। केजरीवाल ने नागरिकों से माइलेज में कमी, इंजन से जुड़ी समस्याओं और अपने अनुभव साझा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी प्रतिक्रियाएं प्रधानमंत्री के साथ प्रस्तावित बैठक में सौंपी जाएंगी। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से पेट्रोल पंपों और सर्विस सेंटरों पर जाकर लोगों से बातचीत करने और उनके अनुभवों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने का भी आग्रह किया है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि प्रधानमंत्री कार्यालय इस पत्र पर क्या प्रतिक्रिया देता है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।