दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक कारोबारी के घर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 8 से 10 लोग खुद को CBI अधिकारी बताते हुए कथित तौर पर रेड करने पहुंच गए। आरोप है कि इन लोगों ने घर में दाखिल होने की कोशिश की, लेकिन अंदर मौजूद महिला ने गेट खोलने से साफ इनकार कर दिया।
महिला ने उनसे पहले पहचान पत्र और रेड से जुड़े आधिकारिक दस्तावेज दिखाने को कहा। परिवार के मुताबिक, संदिग्ध करीब डेढ़ घंटे तक दरवाजे पर खड़े रहे और लगातार अंदर आने का दबाव बनाते रहे। इसी दौरान आसपास के पड़ोसी भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी सर्च वारंट तथा ऑथराइजेशन लेटर दिखाने की मांग की।
परिवार का आरोप है कि संदिग्धों ने CBI के लोगो वाले कपड़े पहन रखे थे और फर्जी पहचान पत्र भी गले में लटका रखे थे। दबाव बनाने के लिए कारोबारी के पिता के मोबाइल पर WhatsApp के जरिए एक कथित नोटिस भेजा गया, जिस पर CBI डायरेक्टर का नाम और हस्ताक्षर होने का दावा किया गया। हालांकि बाद में संदेश डिलीट कर दिया गया, लेकिन परिवार ने उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित कर लिया।
जब नोटिस की हार्ड कॉपी मांगी गई तो संदिग्धों ने कागज गाड़ी में होने की बात कही और कुछ देर बाद वहां से निकल गए। उनके जाते ही परिवार ने 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पूरी घटना CCTV कैमरों में कैद हुई है। पुलिस अब फुटेज, WhatsApp नोटिस और अन्य सबूतों की जांच कर रही है। फिलहाल शिकायत की जांच जारी है और FIR दर्ज होने की पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

