Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : BRICS समिट के चलते दिल्ली में क्या खुला-क्या बंद? जानिए पूरी लिस्ट

Delhi : BRICS समिट के चलते दिल्ली में क्या खुला-क्या बंद? जानिए पूरी लिस्ट

Delhi SamacharDelhi Samachar11 September 2026, 12:15 PM28 views

दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले 18वें BRICS समिट को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। वीवीआईपी मूवमेंट के चलते कई जगहों पर प्रतिबंध लागू हैं, लेकिन जरूरी सेवाएं और ज्यादातर बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे।

सबसे पहले बात राष्ट्रपति भवन और अमृत उद्यान की। 11 से 13 सितंबर तक राष्ट्रपति भवन, राष्ट्रपति भवन संग्रहालय और अमृत उद्यान आम लोगों के लिए बंद रहेंगे। 12 सितंबर को होने वाला चेंज ऑफ गार्ड समारोह भी रद्द किया गया है।

दिल्ली के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूल 11 सितंबर को बंद रहेंगे। वहीं केंद्र और दिल्ली सरकार के प्रशासनिक कार्यालयों में भी 11 सितंबर को अवकाश रहेगा। सुप्रीम कोर्ट, दिल्ली हाई कोर्ट और निचली अदालतें 11 और 12 सितंबर को बंद रहेंगी।

सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन स्थित दिल्ली मेट्रो म्यूजियम भी 11 से 13 सितंबर तक बंद रहेगा।

अब बात उन जगहों की जो खुली रहेंगी। कनॉट प्लेस समेत प्रमुख बाजार सामान्य रूप से खुले रहेंगे। दिल्ली मेट्रो की सभी लाइनें अपने निर्धारित समय के अनुसार चलेंगी, हालांकि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कुछ स्टेशनों के गेट अस्थायी रूप से नियंत्रित किए जा सकते हैं।

अस्पताल, एंबुलेंस, मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप और राशन की दुकानें चालू रहेंगी। बैंक, एटीएम, एयरपोर्ट और प्रमुख रेलवे स्टेशन भी सामान्य रूप से संचालित होंगे।

दिल्ली पुलिस ने 22 प्रमुख डायवर्जन पॉइंट बनाए हैं। ऐसे में लुटियंस दिल्ली, सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा मार्ग और मथुरा रोड की तरफ जाने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक करें।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।