दिल्ली के कमला मार्केट इलाके में पुलिस ने ATM से छेड़छाड़ कर कैश निकालने वाले कथित गिरोह का पर्दाफाश किया है। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने दो आरोपियों अमन और सूरज सिंह को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस और बजाज पल्सर N160 मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ATM के कैश डिस्पेंसिंग सिस्टम में रबर रिंग लगाकर ऐसी रुकावट पैदा करते थे, जिससे ग्राहक का ट्रांजैक्शन तो पूरा हो जाता था, लेकिन कैश बाहर नहीं निकलता था। ग्राहक इसे ट्रांजैक्शन फेल समझकर चला जाता था। इसके बाद आरोपी दोबारा ATM में पहुंचकर मशीन खोलते और अंदर फंसी रकम निकाल लेते थे।
पुलिस जांच में गुरुग्राम के सेक्टर-4/5 स्थित Axis Bank ATM और दिल्ली के कापसहेड़ा इलाके में ICICI Bank ATM से जुड़ी घटनाओं का खुलासा हुआ है। पूछताछ में आरोपियों ने 19 से 20 अन्य समान घटनाओं की जानकारी भी दी है, जिनमें उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पहले Hitachi कंपनी में ATM से जुड़े काम कर चुके हैं और उन्हें मशीनों के संचालन की जानकारी थी। 15 सितंबर को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने कमला मार्केट के टैगोर रोड पर जाल बिछाया। रात करीब 11:20 बजे बाइक सवार दोनों आरोपियों को रोकने की कोशिश की गई, जिसके बाद उन्होंने भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर उन्हें पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आर्म्स एक्ट और गुरुग्राम में दर्ज मामले के तहत कार्रवाई की है। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


