दिल्ली के त्रिलोकपुरी स्थित सेंट्रल मार्केट में अवैध पटाखों के कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। त्योहारों से पहले प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री और सप्लाई पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत ईस्ट डिस्ट्रिक्ट की AATS टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में 707 किलो से ज्यादा पटाखे बरामद हुए हैं, जबकि मामले में 37 वर्षीय विकास जैन को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि त्रिलोकपुरी इलाके में अवैध रूप से पटाखे रखे गए हैं। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर और दुकान की तलाशी ली गई। इस दौरान कुल 707.375 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित पटाखों की बरामदगी के बाद पुलिस अब इनके स्रोत और सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी है।
मामले में मयूर विहार थाने में BNS और विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा के पटौदी से पटाखों की खेप मंगाने की बात बताई है। अब पुलिस सप्लायर तक पहुंचने और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


