Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : केजरीवाल कल जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक से करेंगे मुलाकात, AAP ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील

Delhi : केजरीवाल कल जंतर-मंतर पर सोनम वांगचुक से करेंगे मुलाकात, AAP ने लोगों से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील

Delhi SamacharDelhi Samachar15 July 2026, 12:27 PM5 views

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल गुरुवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पहुंचकर पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात करेंगे। यह जानकारी पार्टी विधायक संजीव झा ने दी। उन्होंने युवाओं और आम नागरिकों से भी इस प्रदर्शन में शामिल होकर पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था और रोजगार के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की।

संजीव झा ने बताया कि सोनम वांगचुक पिछले 17 दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उनका कहना है कि यह आंदोलन किसी व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली की मांग को लेकर किया जा रहा है। उन्होंने वांगचुक को समाज और पर्यावरण के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि लद्दाख में जल संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है।

लंबे समय से जारी अनशन के कारण सोनम वांगचुक की सेहत लगातार बिगड़ने की खबरें सामने आ रही हैं। इस बीच उनके अनशन को लेकर मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। एक जनहित याचिका में उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।

मुख्य न्यायाधीश देवेंद्र कुमार उपाध्याय और न्यायमूर्ति तेजस कारिया की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई करते हुए केंद्र सरकार और दिल्ली सरकार को नोटिस जारी किया है। अदालत ने दोनों पक्षों से अगले दिन तक जवाब दाखिल करने को कहा है। अब सभी की नजरें गुरुवार को होने वाली सुनवाई और जंतर-मंतर पर होने वाली इस महत्वपूर्ण मुलाकात पर टिकी हैं।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।