दिल्ली के टैगोर गार्डन इलाके में कांग्रेस नेता अलका लांबा के 88 वर्षीय पिता के घर चोरी का मामला सामने आया है। अलका लांबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी और दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
अलका लांबा के मुताबिक, सी ब्लॉक टैगोर गार्डन स्थित उनके पिता के घर में तीन नकाबपोश चोर घुसे। घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद हुई है। उन्होंने बताया कि चोर सुबह करीब 6 बजकर 15 मिनट पर घर में दाखिल हुए और महज 10 मिनट के भीतर घर से सारी बचत लेकर फरार हो गए।
चोरी के बाद तीनों आरोपी एक ही बाइक से मौके से भागते हुए दिखाई दिए। घटना के सामने आने के बाद इलाके में भी डर का माहौल है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि वारदात के दौरान उनके 88 वर्षीय पिता पूरी तरह सुरक्षित रहे।
अलका लांबा ने दिल्ली पुलिस से अपील की है कि इलाके में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाए, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। उन्होंने बताया कि मामले से जुड़ी पहली लीड डीसीपी नॉर्थवेस्ट को सौंप दी गई है।
अलका लांबा वर्तमान में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष हैं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। बाद में वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुईं और 2015 में चांदनी चौक से विधायक बनीं। 2019 में उन्होंने आप छोड़कर दोबारा कांग्रेस में वापसी की।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


