Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : जामा मस्जिद के कबूतर मार्केट पर पुलिस का शिकंजा, 863 पक्षी-जानवर मुक्त; 5 दुकानें सील

Delhi : जामा मस्जिद के कबूतर मार्केट पर पुलिस का शिकंजा, 863 पक्षी-जानवर मुक्त; 5 दुकानें सील

Delhi Samachar13 August 2026, 08:19 AM7 views

मध्य जिला पुलिस ने जामा मस्जिद स्थित कबूतर मार्केट में बड़ी कार्रवाई करते हुए 863 पक्षी और जानवरों को मुक्त कराया है। पुलिस ने यह संयुक्त अभियान पीपल फॉर एनिमल्स (PFA), वर्ल्ड वाइड एनिमल और वन एवं वन्यजीव विभाग के साथ मिलकर चलाया।

पुलिस के मुताबिक, 9 अगस्त को मिली सूचना के आधार पर पांच दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान पक्षियों और जानवरों को बेहद छोटी, भीड़भाड़ वाली और अस्वच्छ परिस्थितियों में पिंजरों में बंद पाया गया। इनमें 431 पक्षी ऐसे थे, जिन्हें वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित या प्रतिबंधित श्रेणी में रखा गया है। वहीं, 432 अन्य पक्षी और जानवर भी कथित तौर पर क्रूर और अमानवीय परिस्थितियों में रखे गए थे।

कार्रवाई के दौरान पांच दुकानों को सील कर दिया गया और इकबाल खान, आकाश, कनी राम, मोहम्मद आदिल खान और राशिद खान को हिरासत में लिया गया।

पुलिस अब इन पक्षियों और जानवरों के स्रोत की जांच कर रही है। पूछताछ के आधार पर उन लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, जो कथित तौर पर इन्हें दुकानदारों तक पहुंचाते थे।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: