राजधानी दिल्ली के रोहिणी स्थित बेगमपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। महज ₹700 के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, विवाद की मुख्य वजह सिर्फ ₹700 का लेन-देन था। पैसों को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान आरोपियों ने धारदार चाकू से युवक पर हमला कर दिया। युवक गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में सड़क पर गिर पड़ा, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बेगमपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच तेज की और तीन आरोपियों को धर दबोचा।
फिलहाल पुलिस तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि झगड़े की मुख्य शुरुआत किस आरोपी ने की थी और युवक पर चाकू से वार करने वाला मुख्य हमलावर कौन है।
रिपोर्टर -सोनू

