दिल्ली के सत्य निकेतन में रविवार को हुए दर्दनाक बिल्डिंग हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 6 हो गई है। हादसे के बाद सामने आए CCTV फुटेज में इमारत के अचानक भरभराकर गिरने और उसके बाद उठते धूल के गुबार का खौफनाक मंजर कैद हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, राहत और बचाव अभियान के दौरान अब तक 11 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया जा चुका है। वहीं, मलबे में और लोगों के फंसे होने की आशंका को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। बचाव दल मलबे को सावधानी से हटाकर संभावित लोगों की तलाश कर रहे हैं।
हादसे के बाद दिल्ली नगर निगम यानी MCD भी एक्शन मोड में आ गया है। जिस गली में यह इमारत गिरी, वहां मौजूद जर्जर इमारतों को MCD की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं।
MCD के मुताबिक, ढही इमारत P-14, सत्य निकेतन की पहचान से दर्ज है। यह पुनर्वास कॉलोनी का हिस्सा है और करीब 55 वर्ग गज क्षेत्र में बनी थी। इमारत में बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और चौथी मंजिल तक निर्माण था। बताया गया है कि यह संपत्ति 1990 के दशक में बनी थी। MCD रिकॉर्ड में इस संपत्ति की बुकिंग या सीलिंग का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला है।
वहीं, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मामले की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं और भवन मालिक के खिलाफ FIR दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने साफ किया है कि हादसे के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


