Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : फर्जी एयरलाइन जॉब रैकेट का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार; ब्रिटिश एयरवेज के नाम पर हो रही थी ठगी

Delhi : फर्जी एयरलाइन जॉब रैकेट का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार; ब्रिटिश एयरवेज के नाम पर हो रही थी ठगी

Delhi Samachar24 August 2026, 10:28 AM15 views

सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस ने फर्जी एयरलाइन जॉब रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह “ब्रिटिश एयरवेज” और “फ्यूचर विंग्स लर्निंग इंस्टीट्यूट” के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर नौकरी तलाश रहे युवाओं को निशाना बनाता था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सोशल मीडिया और ऑनलाइन जॉब पोर्टल से युवाओं का डेटा हासिल करते थे। इसके बाद टेली-कॉलर खुद को एयरलाइन की HR अधिकारी बताकर उम्मीदवारों से संपर्क करती थीं। नौकरी दिलाने और एविएशन डिप्लोमा के नाम पर उनसे 7 से 10 हजार रुपये तक की फीस वसूली जाती थी।

पीड़ितों को भरोसा दिलाने के लिए फर्जी एडमिशन स्लिप, सर्टिफिकेट, NOC और जॉब ऑफर लेटर भी भेजे जाते थे। एक शिकायत के आधार पर FIR दर्ज कर पुलिस ने तकनीकी जांच और पेमेंट ट्रेल के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।

गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड संदीप कुमार, उसका साथी अखिल कुमार, वेबसाइट डेवलपर राकेश कुमार और तीन टेली-कॉलर शामिल हैं। पुलिस ने दो लैपटॉप, आठ मोबाइल फोन, आठ सिम कार्ड और दो रजिस्टर बरामद किए हैं।

जांच में इस रैकेट से जुड़ी 10 NCRP शिकायतें सामने आई हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी भी तरह का भुगतान करने से पहले ऑफर की आधिकारिक स्रोतों से पुष्टि करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत करें।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share: