आउटर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के बवाना इलाके में पुलिस ने हत्या की कथित साजिश को नाकाम करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से पांच देसी पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस और चोरी की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग एक व्यक्ति की रेकी कर रहे हैं। इसके बाद 18 सितंबर को मिली खुफिया जानकारी के आधार पर SHO बवाना इंस्पेक्टर अखिलेश बाजपेयी की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने रिंकू और सुमित को चोरी की मोटरसाइकिल पर पकड़ा। तलाशी में दोनों के पास से दो अवैध पिस्तौल और चार कारतूस मिले।
पूछताछ में कथित तौर पर इशू, केशव उर्फ नोनू और सागर के नाम सामने आए। पुलिस ने तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया। केशव के पास से एक पिस्तौल और दो कारतूस बरामद हुए। जांच में आरोपियों के कथित तौर पर नितिन डबास उर्फ विक्की हडल के आपराधिक नेटवर्क से जुड़े होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों, हथियारों के स्रोत और पैसों के लेन-देन की जांच जारी है। मामले में FIR नंबर 568/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


