राजधानी दिल्ली में अपराध पर लगाम कसने के लिए रोहिणी पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में दिल्ली पुलिस मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान ज्वाइंट सीपी विजय सिंह ने रोहिणी जिले की हालिया उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डीसीपी शशांक जायसवाल के निर्देशन, एडिशनल डीसीपी सतीश कुमार की निगरानी तथा एसीपी और एसएचओ के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान 'ऑपरेशन शस्त्र' के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
इस अभियान के दौरान पुलिस ने 19 देसी कट्टे, 26 जिंदा कारतूस, 9 बटनदार चाकू और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। साथ ही विभिन्न आपराधिक मामलों में शामिल 46 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि इन गिरफ्तारियों से कई संभावित वारदातों को समय रहते रोका जा सका।
प्रेस वार्ता में ज्वाइंट सीपी विजय सिंह ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि घटना के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए दो चाकू और मृतक का मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया है।
इसके अलावा रोहिणी पुलिस ने डकैती की एक बड़ी साजिश को भी नाकाम किया। पुलिस ने चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया, जिनके कब्जे से हथियार और फर्जी नंबर प्लेट लगी एक कार बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे।
ज्वाइंट सीपी विजय सिंह ने कहा कि दिल्ली पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। रोहिणी पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि राजधानी में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह

