Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : कीर्ति नगर में घरेलू नौकर ने की 40 लाख की चोरी, कैश-गहने और हथियार बरामद

Delhi : कीर्ति नगर में घरेलू नौकर ने की 40 लाख की चोरी, कैश-गहने और हथियार बरामद

Delhi SamacharDelhi Samachar16 September 2026, 07:20 AM18 views

दिल्ली के कीर्ति नगर में घरेलू नौकर द्वारा करीब 40 लाख रुपये की चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी विशाल कुमार को अलीगढ़, उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे और निशानदेही पर करीब 40 लाख रुपये कीमत का चोरी का सामान बरामद किया गया है।

दरअसल, 11 सितंबर की रात शिकायतकर्ता अंकुर भसीन अपने परिवार के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में गए थे। रात करीब 8 बजकर 50 मिनट पर घर लौटने के बाद उन्हें घरेलू नौकर विशाल कुमार घर से गायब मिला। घर की जांच करने पर अलमारी का ताला टूटा हुआ था और अंदर रखी गोदरेज मिनी सेफ भी गायब थी। सेफ में करीब 10 लाख रुपये कैश और सोने के गहने रखे थे।

मामले में कीर्ति नगर थाने में FIR दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने प्लेसमेंट एजेंसी से आरोपी के दस्तावेज हासिल किए, लेकिन आधार कार्ड में दिया गया पता भी गलत निकला। इसके बाद तकनीकी निगरानी और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की लोकेशन बुलंदशहर और फिर अलीगढ़ में ट्रेस की गई।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी की निशानदेही पर 6.38 लाख रुपये कैश, दो सोने की चेन, चार ब्रेसलेट, झुमके, अंगूठी और करीब 50 से 60 ग्राम सोने के टुकड़े बरामद हुए। इसके अलावा चोरी के पैसों से खरीदी गई करीब 2 लाख रुपये की FZ हाइब्रिड मोटरसाइकिल, एक वेब्ले एंड स्कॉट सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 25 जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।