दिल्ली के जाफरपुर कलां इलाके में 12 सितंबर को सुमित उर्फ मोनू और उनकी पत्नी निशा पर हुई जानलेवा फायरिंग और मारपीट के मामले में द्वारका स्पेशल स्टाफ ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, डाबर एन्क्लेव के रावता मोड़ के पास दोनों पर जान से मारने की नीयत से अंधाधुंध फायरिंग की गई थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश में हरियाणा के झज्जर, रोहतक और बहादुरगढ़ में कई ठिकानों पर दबिश दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। आखिरकार टीम ने मित्राऊं गांव के जंगलों में घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल डागर उर्फ काला, सोनू उर्फ यश, सनी उर्फ जतिन उर्फ लाला और साहिल उर्फ छोटे के तौर पर हुई है। आरोपियों के कब्जे से दो अत्याधुनिक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राहुल डागर उर्फ काला के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट समेत पांच आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फिलहाल जाफरपुर कलां थाने में BNS और आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब फायरिंग की वजह और वारदात में अन्य किसी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


