दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-39 के अंतर्गत प्रेम नगर इलाके में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पानी से भरे एक खाली प्लॉट में करीब 7 साल के बच्चे का शव बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जमा हो गई और स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
बताया जा रहा है कि खाली प्लॉट में काफी पानी भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि बच्चा यहां नहाने या खेलने के लिए आया हो सकता है। हालांकि, बच्चा वहां किन परिस्थितियों में पहुंचा और उसकी मौत कैसे हुई, इस बारे में अभी कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
घटना के बाद बच्चे के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर बच्चे की मौत पानी में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है। मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


