दिल्ली के थाना शाहबाद डेयरी और स्पेशल स्टाफ (बाहरी उत्तर जिला) की पुलिस टीम ने सबिल्ला खातून की अंधेर हत्या का पर्दाफाश करते हुए मृतका के पति और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 7 शहरों के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आखिरकार आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
29 अगस्त 2026 को दिल्ली के प्रहलादपुर स्थित मकान नंबर 416 के बाथरूम में सबिल्ला खातून की हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना शाहबाद डेयरी में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला (प्राथमिकी सं. 561/2026) दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान सामने आया कि मृतका का पति मोहम्मद लाल बाबू उर्फ ज़ाहिद अली (22 वर्ष) के रुखसार खातून नाम की महिला के साथ अवैध संबंध थे और वह उससे शादी करना चाहता था। इसी के चलते पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर अपनी पत्नी सबिल्ला खातून की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया।
हत्या की वारदात के बाद मुख्य आरोपी लाल बाबू अपने नाबालिग बेटे को लेकर नोएडा भाग गया। वहां उसने अपने भाई मोहम्मद ओसामा से मदद ली, जिसने उसे शरण दी और बिहार भागने में सहायता की। पुलिस इस मामले में सह-आरोपी मोहम्मद ओसामा को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए संयुक्त पुलिस आयुक्त (उत्तरी क्षेत्र) श्री विजय सिंह के निर्देशों पर, अपर डीसीपी-I श्री लोकेश्वरन आर के मार्गदर्शन और एसीपी बवाना श्री गौरव सिंह की देखरेख में स्पेशल टीमों का गठन किया गया। एसएचओ सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, पटना, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर और मुंबई तक तकनीकी जांच और छापेमारी की।
पुलिस फिलहाल घटनाक्रम के सभी साक्ष्यों को जोड़ने और आरोपियों की व्यक्तिगत भूमिकाओं को पूरी तरह से साबित करने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


