बवाना के पूठ खुर्द इलाके में युवक को चोक होल्ड कर मोबाइल लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में बवाना थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया Realme 16X मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर की सुबह करीब 11:15 बजे श्रवण कुमार सेक्टर-3, बवाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित आई-ब्लॉक पार्क के पास से गुजर रहे थे। तभी तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि एक आरोपी ने पीछे से उन्हें चोक होल्ड में पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने उनके दोनों हाथ पकड़ लिए। इसी दौरान तीसरे आरोपी ने उनकी जेब से मोबाइल फोन निकाल लिया। वारदात के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
23 सितंबर को शिकायत मिलने के बाद बवाना थाने में FIR नंबर 577/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने तीनों आरोपियों के चेहरे साफ देखे थे और वह उनकी पहचान कर सकता है। इसके बाद पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता की पहचान और जानकारी के आधार पर शिवा, दीपांशु और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी शिवा के कब्जे से काले रंग का Realme 16X मोबाइल बरामद किया, जो बिना सिम कार्ड के मिला। तीनों को अदालत में पेश किया गया है और उम्र की पुष्टि होने तक उन्हें प्लेस ऑफ सेफ्टी भेजा गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


