दिल्ली में दिवाली से पहले अवैध शराब की सप्लाई रोकने के लिए पुलिस की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी कड़ी में वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ ने ऐसी खेप पकड़ी है, जिसे हरियाणा से दिल्ली लाकर स्थानीय स्तर पर सप्लाई करने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब की 2,880 मिनिएचर बोतलों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, स्पेशल स्टाफ की टीम ने मोती नगर थाना क्षेत्र के बसई दारापुर के पास जाल बिछाया। इसी दौरान हुंडई i10 कार की तलाशी लेने पर रॉयल ग्रीन शराब के 30 कार्टन बरामद हुए। इन कार्टन में कुल 2,880 बोतलें रखी थीं। पुलिस ने शराब की खेप के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 34 वर्षीय नितिन कुमार के रूप में हुई है, जो रघुबीर नगर का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी आबकारी अधिनियम से जुड़े छह मामलों में संलिप्त रह चुका है।
पूछताछ में आरोपी ने हरियाणा के बहादुरगढ़ से शराब लाकर रघुबीर नगर के स्थानीय बूटलेगर्स तक पहुंचाने की बात कबूल की है। फिलहाल, मोती नगर थाने में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट : प्रदीप यादव


