दिल्ली के बवाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रोहिणी सेक्टर-28 स्थित उपवन अपार्टमेंट्स (GH-4) के निवासियों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ₹2.5 करोड़ के बजट से सड़क, नाली, साइड बरम और अन्य मूलभूत विकास कार्यों का आधिकारिक रूप से उद्घाटन किया गया है।
20 सितंबर को आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बवाना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं दिल्ली सरकार के कैबिनेट मंत्री रविंद्र इंद्रराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्थानीय निवासियों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी में वैदिक रीति-रिवाज, भूमि पूजन तथा नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
उपवन अपार्टमेंट्स के निवासियों ने काफी समय से लंबित इन सड़कों और नालियों के निर्माण कार्य की शुरुआत पर प्रसन्नता व्यक्त की। स्थानीय निवासियों का मानना है कि इन कार्यों के पूरा होने से जलभराव और जर्जर सड़कों की समस्या से राहत मिलेगी।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


