दिल्ली के मायापुरी के ओराना बैंक्वेट हॉल के सामने से मोटरसाइकिल चोरी होने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की पहचान 18 वर्षीय अमन और 22 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। अमन अस्पताल में ड्राइवर के तौर पर काम करता है।
दरअसल, 14 सितंबर को ओराना बैंक्वेट हॉल के सामने से पैशन मोटरसाइकिल चोरी होने की शिकायत मायापुरी थाने में दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय स्तर पर भी जानकारी जुटाई।
जांच के आधार पर पुलिस को आरोपियों के मायापुरी फेज-1 की झुग्गियों में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा लॉक खोलने में इस्तेमाल होने वाली दो मास्टर चाबियां भी बरामद हुई हैं।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के दौरान मायापुरी और पंजाबी बाग थाने में दर्ज वाहन चोरी के कुल तीन मामलों का खुलासा हुआ है। फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


