वेस्ट दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में रिहायशी फ्लैट लेकर चलाए जा रहे कथित फर्जी कॉल सेंटर पर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इंटरनेशनल साइबर ठगी से जुड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 23 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में कॉल सेंटर का मालिक, मैनेजर, खुद को बैंकर बताने वाला आरोपी, मास्टरमाइंड और बड़ी संख्या में टेलीकॉलर शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह गैंग अमेरिका, कनाडा और यूरोपियन देशों में रहने वाले लोगों को टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर कॉल करता था और डिजिटल तरीके से उनके साथ ठगी की जाती थी। गैंग करीब दो महीने से इस पूरे नेटवर्क को चला रहा था।
डीसीपी वेस्ट हरेश्वर वी. स्वामी के मुताबिक, एसीपी ऑपरेशन की निगरानी में स्पेशल स्टाफ और साइबर थाना की टीम ने मीनाक्षी गार्डन, अजय एंक्लेव और कीर्ति नगर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तरनजीत सिंह उर्फ जैज, मनमोहन, गुरविंदर सिंह उर्फ हैरी, सुनीत कपूर उर्फ जेम्स समेत कुल 23 आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 27 लैपटॉप, 25 मोबाइल फोन, 36 हेडफोन, 25 अडेप्टर, 11 राउटर और 79 हजार 200 रुपये कैश बरामद किया है। इसके अलावा थार और ग्रैंड विटारा समेत कुछ गाड़ियां भी बरामद की गई हैं।
जांच में सामने आया कि आरोपी Google Voice, E-Beam, Micro SIP और UltraViewer जैसे एप्लीकेशन का इस्तेमाल करते थे। VOIP आधारित कॉलिंग के जरिए विदेशी नागरिकों से संपर्क किया जाता था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और विदेशों में इसके कनेक्शन की भी जांच कर रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


