दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आउटर जिला पुलिस की फॉरेनर्स सेल ने दो बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी भारत में अवैध तरीके से रह रहे थे और ग्रीस का वीजा हासिल करने की कोशिश में थे।
पुलिस के अनुसार, फॉरेनर्स सेल की टीम को दोनों संदिग्धों के पश्चिम विहार इलाके में मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने उनकी गतिविधियों पर निगरानी शुरू की। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को देखकर दोनों ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन सतर्क पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद तारिक अहमद और 27 वर्षीय रसेल अहमद के रूप में हुई है। दोनों बांग्लादेश के सिलहट जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। तलाशी और पूछताछ के दौरान पुलिस को दोनों के पास एक्सपायर्ड पासपोर्ट और वीजा दस्तावेज मिले।
पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी इलाके में किराए का मकान तलाशने के साथ-साथ ग्रीस का वीजा हासिल करने की तैयारी में घूम रहे थे। दस्तावेजों की जांच के बाद उनके अवैध प्रवास की पुष्टि हुई। फिलहाल दोनों को हिरासत में लेकर FRRO के साथ समन्वय किया जा रहा है और उनके खिलाफ डिपोर्टेशन यानी निर्वासन की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


