दिल्ली के वेलकम थाना इलाके में सोशल मीडिया पर चाकू लहराकर डांस करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। मामला कबीर नगर इलाके का है, जहां 15 अगस्त के मौके पर एक युवक छत पर डीजे की धुन पर डांस करते हुए हवा में खंजर लहराता नजर आया। इसका वीडियो इंस्टाग्राम पर वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद वेलकम थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और वायरल वीडियो की जांच शुरू की। पुलिस ने इंस्टाग्राम अकाउंट धारक से पूछताछ के साथ तकनीकी जांच की, जिसके आधार पर वीडियो में खंजर लहराने वाले युवक की पहचान कबीर नगर निवासी करण के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए करण को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से वीडियो में इस्तेमाल किया गया खंजर और एक बटनदार चाकू बरामद किया गया है।
इस मामले में वेलकम थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसके पास ये हथियार कहां से आए और वीडियो बनाने के पीछे उसकी क्या मंशा थी। मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


