अरुण जेटली स्टेडियम और उसके आसपास क्रिकेट मैच के टिकटों की कथित कालाबाजारी और अवैध रीसेल के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के थाना आई.पी. एस्टेट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 19 आरोपियों को पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 71 क्रिकेट मैच टिकट और 7,400 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
यह कार्रवाई भारत-अफगानिस्तान फ्रेंडशिप कप T-20 मैचों के दौरान 13, 15 और 17 सितंबर को चलाए गए विशेष एंटी-टाउटिंग अभियान का हिस्सा थी। पुलिस टीमों ने अरुण जेटली स्टेडियम, दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन, एम.जी. मार्ग, बीएसजेड मार्ग और जेपीएन पार्क के आसपास निगरानी बढ़ाई थी।
पुलिस के मुताबिक, टिकटों की अवैध बिक्री की पुष्टि के लिए खुफिया जानकारी, गुप्त जांच और डिकॉय कस्टमर का इस्तेमाल किया गया। संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के बाद कार्रवाई की गई।
इस पूरे अभियान के दौरान टिकटों की गैर-कानूनी बिक्री और रीसेल के आरोप में 'दिल्ली प्रिवेंशन ऑफ टाउटिंग एंड मैलप्रैक्टिसेज अगेंस्ट टूरिस्ट्स एक्ट, 2010' की धारा 4(C) के तहत 13 FIR दर्ज की गईं।
पुलिस का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया कि कुछ आरोपी टिकट कम कीमत पर खरीदकर उन्हें दर्शकों को ज्यादा कीमत में बेचने की कोशिश कर रहे थे। अब पुलिस बरामद टिकटों के स्रोत और उनकी सप्लाई चेन की भी जांच कर रही है। सभी मामलों में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


