Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
Delhi : वेलकम में मकान की छत गिरने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, भाई घायल

Delhi : वेलकम में मकान की छत गिरने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, भाई घायल

Delhi SamacharDelhi Samachar06 September 2026, 08:10 AM21 views

पूर्वी दिल्ली के वेलकम इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। राजा मार्केट में एक मकान की छत का हिस्सा अचानक गिरने से कमरे में सो रहे 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके साथ सो रहा दूसरा किशोर घायल हो गया। हादसा सुबह करीब 4 बजे हुआ।

जानकारी के मुताबिक, अहिल नाम का 15 वर्षीय किशोर अपने परिवार के साथ वेलकम के राजा मार्केट स्थित जेड-2/178 मकान की दूसरी मंजिल पर किराये पर रहता था। हादसे के वक्त अहिल और साहिल कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक कमरे की छत का एक हिस्सा भरभराकर दोनों के ऊपर जा गिरा। मलबे की चपेट में आने से दोनों घायल हो गए।

छत गिरने की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों किशोरों को कैलाश दीपक अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने अहिल को मृत घोषित कर दिया, जबकि साहिल को मामूली चोटें आईं और उसका इलाज किया गया।

हादसे की सूचना मिलते ही वेलकम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही मकान की संरचना और छत गिरने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।