दिल्ली के गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास बंदूक की नोक पर हुई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लूट का सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दरियागंज थाना पुलिस, स्पेशल स्टाफ और AATS की संयुक्त टीम ने मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से करीब एक करोड़ रुपये कैश, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और पिस्तौल के आकार का लाइटर बरामद किया गया है।
दरअसल, 7 सितंबर की रात पेमेंट कलेक्टर अपने साथी के साथ TSR में करीब तीन करोड़ रुपये लेकर चर्च मिशन टी-पॉइंट से सफदरजंग जा रहा था। गीता कॉलोनी फ्लाईओवर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ऑटो को रोक लिया और पिस्तौल जैसी चीज दिखाकर करीब डेढ़ करोड़ रुपये से भरा एक बैग लूट लिया। इसके बाद आरोपी ITO की तरफ फरार हो गए।
FIR दर्ज होने के बाद पुलिस टीमों ने CCTV फुटेज, टेक्निकल सर्विलांस और फील्ड इन्वेस्टिगेशन के जरिए आरोपियों की पहचान शुरू की। चार दिन की लगातार जांच के बाद पुलिस को सूरज पांडे के बारे में सुराग मिला और उसे 12 सितंबर को आनंद विहार बस टर्मिनल से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर आदर्श तिवारी और दीपक गोस्वामी को दिल्ली के नवादा, संदीप उर्फ सैंडी को फरीदाबाद और कथित मास्टरमाइंड रिंकू को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, रिंकू को चांदनी चौक इलाके में कैश की आवाजाही की जानकारी थी और उसने रेकी कराकर वारदात की योजना बनाई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लूट की रकम आपस में बांटी और उससे मोटरसाइकिल व मोबाइल फोन खरीदे। मामले में फरार आरोपी प्रिंस की तलाश और बाकी रकम की बरामदगी के लिए जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


