आबकारी मामलों पर कसते शिकंजे के बीच शाहबाद डेयरी थाना पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने 117 कार्टून में रखी 5,850 क्वार्टर अवैध शराब बरामद करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
16 सितंबर 2026 को शाहबाद डेयरी के श्मशान घाट रोड पर गश्त के दौरान कॉन्स्टेबल संदीप और कॉन्स्टेबल साहिल ने एक संदिग्ध सफ़ेद रंग की महिंद्रा पिक-अप (DL-1LX-4455) को देखा। गाड़ी के आगे नंबर प्लेट नहीं लगी थी। पुलिसकर्मियों ने सतर्कता दिखाते हुए गाड़ी को रोककर उसकी तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वाहन से 'हरियाणा में बिक्री के लिए सीमित' देशी शराब के 117 कार्टन (कुल 5,850 पाउच, प्रत्येक 180 ML) बरामद हुए
इस मामले में पुलिस ने वाहन ज़ब्त कर दीपक कुमार उर्फ रैंचो और योगेश को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया
यह पूरी कार्रवाई बवाना के एसीपी गौरव सिंह की देखरेख और शाहबाद डेयरी थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 33/38/58 और बीएनएस की धारा 112 के तहत प्राथमिकी (FIR No. 600/2026) दर्ज कर ली है। पुलिस अब शराब के मुख्य सप्लायर, इसके मूल स्रोत (Source) और दिल्ली में इसे कहां डिलीवर किया जाना था, इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


