दिल्ली में क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है। AEKC, क्राइम ब्रांच, दिल्ली पुलिस ने करीब 11 साल से फरार चल रहे एक कुख्यात आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र में हुई ₹50 लाख की सशस्त्र लूट के मामले में वांछित था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कोई सामान्य अपराधी नहीं, बल्कि उम्रकैद की सजा प्राप्त दोषी और पैरोल जंपर है। उसके खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में घोषित अपराधी यानी PO की कार्रवाई भी लंबित थी। लंबे समय से फरार आरोपी लगातार अपनी पहचान और ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता आ रहा था।
क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपी के बारे में लगातार खुफिया जानकारी मिल रही थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और आखिरकार DND फ्लाईओवर के पास घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक स्कूटर बरामद किया गया है।
यह पूरी कार्रवाई इंस्पेक्टर प्रियंका के नेतृत्व, एसीपी पंकज अरोड़ा के निर्देशन और डीसीपी श्री संजीव कुमार यादव की निगरानी में की गई। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक मामलों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


