प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित श्री खाटू श्याम विशाल मंदिर (खाटू श्याम दिल्ली धाम, मेन GT करनाल रोड) में एक विशाल 108 कुंडीय महायज्ञ का आयोजन संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मुख्य रूप से शिरकत की और महायज्ञ में आहुति दी।
यज्ञ समापन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाबा श्याम के चरणों में प्रणाम किया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ जीवन, दीर्घायु तथा देश सेवा में निरंतर लगे रहने की कामना की।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर कई जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें मेगा ब्लड डोनेशन कैंप और ऑर्गन डोनेशन (अंगदान) पोर्टल की शुरुआत शामिल है। मुख्यमंत्री ने स्वयं इस ऑर्गन डोनेशन पोर्टल की पहली डोनर बनने का ऐलान किया।
श्रमिकों के लिए 'नमो श्रमिक केंद्र' की शुरुआत की जा रही है, जिससे राज्य के श्रमिक वर्ग को सरकारी योजनाओं से सीधा जोड़ा जा सके।
शाम को कर्तव्य पथ पर दिल्लीवासियों और लाभार्थियों के साथ मिलकर प्रधानमंत्री के सम्मान व आशीर्वाद स्वरूप सवा लाख (1,25,000) दिए जलाए जाएंगे।
इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उपस्थित रही और पूरे विधि-विधान के साथ 108 कुंडों में हवन और पूजन संपन्न किया गया।
रिपोर्ट- सोनू आउटर नॉर्थ दिल्ली


