Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
छठ महापर्व पर शुरू हो सकती है ‘नमो यमुना क्रूज सफारी’, CM रेखा गुप्ता ने लिया तैयारियों का जायजा; जानें रूट और किराया

छठ महापर्व पर शुरू हो सकती है ‘नमो यमुना क्रूज सफारी’, CM रेखा गुप्ता ने लिया तैयारियों का जायजा; जानें रूट और किराया

Delhi SamacharDelhi Samachar26 October 2026, 11:05 AM9 views

दिल्ली में यमुना नदी के किनारे पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल शुरू होने जा रही है। अब तक यमुना को किनारे से देखने वाले लोगों को जल्द ही नदी में क्रूज की सवारी करने का मौका मिल सकता है। दिल्ली सरकार की ‘नमो यमुना क्रूज सफारी’ योजना को छठ महापर्व के आसपास शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा और अधिकारियों के साथ यमुना नदी में क्रूज की सवारी की और तैयारियों का जायजा लिया। इस निरीक्षण के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस सेवा को आम लोगों के लिए शुरू किया जा सकता है।

क्या होगा क्रूज सफारी का रूट?

इस क्रूज का संचालन सोनिया विहार से जगतपुर के बीच प्रस्तावित है। करीब चार से पांच किलोमीटर की दूरी तय करने में लगभग 40 मिनट लगने का दावा किया जा रहा है। इस दौरान यात्रियों को यमुना नदी और उसके आसपास के नजारों को करीब से देखने का अनुभव मिलेगा।

कितना होगा किराया और कैसे होगी बुकिंग?

जानकारी के मुताबिक, क्रूज में एक बार में अधिकतम 30 यात्री सफर कर सकेंगे। प्रति व्यक्ति टिकट का किराया 500 रुपये तय किया गया है, जिसमें जीएसटी भी शामिल है। टिकट बुकिंग दिल्ली पर्यटन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जाने की योजना है। हालांकि, बुकिंग शुरू होने की तारीख और विस्तृत प्रक्रिया की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

इस परियोजना को भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण और दिल्ली सरकार की एजेंसियों के सहयोग से विकसित किया जा रहा है। मार्च 2025 में इस संबंध में समझौता हुआ था। अब इसके शुरू होने से राजधानी में नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

रिपोर्ट : प्रदीप यादव

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।