दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को तेज हो गया। भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के नेतृत्व में कार्यकर्ता रायसीना मार्ग से चुनाव आयोग के कार्यालय की ओर बढ़े। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए नारेबाजी की और पोस्टर-बैनर दिखाए।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर मार्ग पर ही रोक दिया। कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया। चुनाव आयोग के कार्यालय के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई और बैरिकेडिंग के साथ पुलिस तथा अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई।
कांग्रेस का यह प्रदर्शन SIR को लेकर उठ रहे सवालों के बीच हुआ है। इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने पिछले 10 महीनों में कम से कम 14 बार कुछ फैसलों और आदेशों पर आपत्ति दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में मतदाता पंजीकरण के फॉर्म-6 में बदलाव, नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया तथा मतदाता डेटा के नियंत्रण जैसे मुद्दों का जिक्र है।
वहीं, चुनाव आयोग के सूत्रों ने इन रिपोर्टों के बाद कहा कि SIR समेत आयोग के सभी फैसलों को तीनों चुनाव आयुक्तों की मंजूरी प्राप्त थी।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


