Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
नारायणा फ्लाईओवर हिट एंड रन केस का खुलासा! CCTV की मदद से फरार ट्रक चालक गिरफ्तार, हादसे में हुई थी स्कूटी सवार की मौत

नारायणा फ्लाईओवर हिट एंड रन केस का खुलासा! CCTV की मदद से फरार ट्रक चालक गिरफ्तार, हादसे में हुई थी स्कूटी सवार की मौत

Delhi SamacharDelhi Samachar10 November 2026, 06:39 AM5 views

दिल्ली के नारायणा फ्लाईओवर पर हुए एक हादसे के बाद आरोपी चालक ने मौके पर रुकने के बजाय ऐसा रास्ता चुना, जिससे पुलिस के लिए उसकी पहचान करना चुनौती बन गया। न कोई प्रत्यक्षदर्शी और न ही आरोपी के वाहन की पुख्ता जानकारी। लेकिन पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी जांच के जरिए इस ब्लाइंड हिट एंड रन केस की गुत्थी सुलझा दी।

दरअसल, 24 अक्टूबर 2026 को नारायणा फ्लाईओवर पर एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में स्कूटी सवार की मौत हो गई, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए DCP वेस्ट डिस्ट्रिक्ट हरेश्वर वी. स्वामी, IPS के नेतृत्व में SHO नारायणा की टीम ने जांच शुरू की।

पुलिस ने फ्लाईओवर और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। हादसे के संभावित समय के दौरान गुजरने वाले करीब 50 से 60 वाहनों की जांच की गई। इसी दौरान लाल ओपन बॉडी वाहन के बारे में अहम सुराग मिला। वाहन नंबर RJ40GB2658 के जरिए पुलिस उसके मालिक तक पहुंची और फिर चालक की पहचान कर ली।

पुलिस ने राजस्थान के अलवर निवासी 34 वर्षीय इन्नास खान को गिरफ्तार कर लिया और हादसे में कथित तौर पर शामिल वाहन भी जब्त कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 24 अक्टूबर की सुबह करीब 4:30 बजे उसका ट्रक स्कूटी से टकराया था। इसके बाद वह बिना रुके दिल्ली में सामान उतारने चला गया और फिर गुजरात के लिए रवाना हो गया।

फिलहाल, थाना नारायणा पुलिस ने FIR नंबर 307/26 के तहत BNS की धाराओं 281, 125(a) और 106(1) में कार्रवाई की है।

रिपोर्ट : प्रदीप यादव

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।