दिल्ली की सड़कों पर निकलने से पहले अब लोगों को सिर्फ ट्रैफिक ही नहीं, बल्कि जहरीली हवा से भी बचने की चिंता सता रही है। राजधानी में प्रदूषण का स्तर लगातार खतरनाक बना हुआ है और हवा में घुला जहर लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है।
शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI करीब 408 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। लगातार बिगड़ती हवा के बीच लोगों के लिए खुले में सांस लेना भी मुश्किल होता जा रहा है। कई बार AQI का आंकड़ा 400 से 500 और यहां तक कि 600 के पार पहुंचने की स्थिति भी सामने आ चुकी है।
दिल्ली के अलग-अलग इलाकों की बात करें तो मंदिर मार्ग में AQI 278, आरके पुरम में 271, लोधी रोड में 262, अरबिंदो मार्ग में 332, करोल बाग में 328, ओखला में 340 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 251 दर्ज किया गया।
प्रदूषण के इस बढ़ते स्तर ने बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस या अन्य बीमारियों से जूझ रहे लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। जहरीली हवा के संपर्क में आने से खांसी, सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
सरकार की ओर से प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कई कदम उठाए जा रहे हैं, लेकिन सवाल यह है कि आखिर राजधानी की हवा कब साफ होगी?
फिलहाल लोगों को सलाह दी जा रही है कि खासकर बच्चे और बुजुर्ग अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें। जरूरत पड़ने पर ही बाहर जाएं और प्रदूषण से बचाव के उपाय अपनाएं।
रिपोर्ट - सन्नी तुषीर


