दीपावली की खुशियों से पहले राजधानी दिल्ली की हवा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सुबह की शुरुआत साफ आसमान के बजाय जहरीली धुंध के साथ हो रही है। हालात ऐसे हैं कि घर से बाहर निकलने वाले लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार सुबह 9 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक यानी AQI 364 दर्ज किया गया, जो 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। इससे एक दिन पहले शुक्रवार शाम 4 बजे 24 घंटे का औसत AQI 382 रिकॉर्ड किया गया था।
चिंता की बात यह है कि राजधानी के 59 निगरानी केंद्रों में से 18 जगहों पर प्रदूषण का स्तर 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है। वहीं, एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के पूर्वानुमान ने भी चेतावनी दी है कि शनिवार को दिल्ली का AQI 400 के पार जा सकता है।
हवा की धीमी रफ्तार और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते प्रदूषक तत्व वातावरण में जमा हो रहे हैं। ऐसे में दीपावली के दौरान प्रदूषण और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। दिल्ली में AQI 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में माना जाता है। अब सवाल यह है कि दीपावली से पहले बिगड़ती हवा पर लगाम लगाने के लिए जिम्मेदार एजेंसियां कितनी प्रभावी कार्रवाई कर पाती हैं।
रिपोर्ट - सन्नी तुषीर


