दिल्ली की हवा एक बार फिर लोगों की सेहत के लिए चिंता बढ़ा रही है। प्रदूषण का स्तर 300 के पार पहुंचते ही प्रशासन ने पूरे NCR में GRAP की दूसरी स्टेज लागू कर दी है। ऐसे में अब सड़कों से लेकर निर्माण स्थलों तक निगरानी और सख्त होने जा रही है।
सोमवार को दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स शाम 4 बजे 324 दर्ज किया गया, जो इस सीजन में पहली बार 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंचा। इसके बाद कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट यानी CAQM ने GRAP-2 के उपाय लागू करने का फैसला लिया।
GRAP-2 लागू होने के बाद सड़कों की रोजाना मैकेनिकल और वैक्यूम स्वीपिंग होगी। धूल कम करने के लिए पानी और डस्ट सप्रेसेंट का छिड़काव किया जाएगा। प्रदूषण वाले हॉटस्पॉट पर विशेष अभियान चलेंगे और निर्माण स्थलों का निरीक्षण बढ़ाया जाएगा।
वहीं, मेट्रो पार्किंग को छोड़कर पार्किंग शुल्क बढ़ाया जाएगा, ताकि निजी वाहनों का इस्तेमाल कम हो। लोगों को सार्वजनिक परिवहन अपनाने और संभव होने पर वर्क फ्रॉम होम करने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा खुले में कूड़ा, पत्तियां और अन्य कचरा जलाने पर रोक रहेगी। निर्माण सामग्री को ढककर रखना होगा और मलबा खुले में नहीं फेंका जा सकेगा। वाहनों के लिए वैध PUC प्रमाणपत्र जरूरी होगा। डीजल जनरेटर के संचालन पर भी निर्धारित नियम लागू रहेंगे।
हालांकि, GRAP-2 में फिलहाल स्कूल-कॉलेज बंद करने, सभी निजी दफ्तरों में अनिवार्य वर्क फ्रॉम होम या BS-3 पेट्रोल और BS-4 डीजल कारों पर प्रतिबंध लगाने का प्रावधान नहीं है।
यानी प्रदूषण से निपटने के लिए अब निगरानी और सख्ती दोनों बढ़ेंगी।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


