दिल्ली पुलिस मुख्यालय के बाहर उठी विरोध की आवाज अब विभागीय कार्रवाई तक पहुंच गई है। अपने ही महकमे के फैसले के खिलाफ आवाज उठाने वाले एसीपी मनस्वी वशिष्ठ को दिल्ली पुलिस ने सस्पेंड कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, पुलिस मुख्यालय के बाहर हुए पुलिसकर्मियों के प्रदर्शन के बाद यह कार्रवाई की गई है।
दरअसल, सोमवार को महिला पुलिस अधिकारियों समेत करीब 150 पुलिसकर्मी मुख्यालय के बाहर जुटे थे। प्रदर्शन कर रहे पुलिसकर्मियों की मांग थी कि एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और इंस्पेक्टर अरुण कुमार का ट्रांसफर रद्द कर उन्हें उनकी पुरानी पोस्टिंग पर बहाल किया जाए।
इस पूरे विवाद की शुरुआत शाहदरा पुलिस स्टेशन में हुई एक घटना से हुई थी। यहां वकील ललित बंसल को कथित हाथापाई के दौरान सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद पुलिसकर्मियों और वकीलों के बीच टकराव बढ़ गया और जिला अदालत के वकीलों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी।
विवाद शांत कराने के लिए पुलिस ने एसीपी मनस्वी वशिष्ठ और तत्कालीन एसएचओ इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला कर दिया था। इसके बाद जांच का आश्वासन मिलने पर वकीलों ने अपनी हड़ताल वापस ले ली।
लेकिन इस फैसले से पुलिस विभाग के निचले रैंक के कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। वहीं, मनस्वी वशिष्ठ ने पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार को पत्र लिखकर ओपन हाउस यानी संपर्क सभा बुलाने की मांग भी की थी।
28 अक्टूबर को मनस्वी वशिष्ठ को गांधी नगर सब-डिविजन से SPUWAC और इंस्पेक्टर अरुण कुमार को सिक्योरिटी यूनिट में भेजा गया था। अब एसीपी के सस्पेंशन के बाद पुलिस महकमे में इस कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


