Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
दिल्ली में वाहन चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वालों पर AATS का शिकंजा, दो गिरफ्तार; 7 दोपहिया वाहन बरामद

दिल्ली में वाहन चोरों और चोरी की बाइक खरीदने वालों पर AATS का शिकंजा, दो गिरफ्तार; 7 दोपहिया वाहन बरामद

Delhi SamacharDelhi Samachar05 November 2026, 06:29 AM6 views

दिल्ली के आउटर नॉर्थ जिले में वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस ने ऐसी कार्रवाई की है, जिसमें चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त करने वाले भी पुलिस के निशाने पर आए हैं। AATS की टीम ने दो अलग-अलग ऑपरेशन चलाकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से चोरी के सात दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद वाहनों में चार मोटरसाइकिल और तीन स्कूटर शामिल हैं।

पहले ऑपरेशन में पुलिस ने रोहिणी की पप्पू कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय जसवंत को वजीरपुर इंडस्ट्रियल एरिया के A-ब्लॉक से गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी चोरी की बाइक और स्कूटर खरीदने-बेचने में शामिल था। उसकी निशानदेही पर सेक्टर-28 स्थित भगवान अपार्टमेंट के पास रामलीला मैदान के नजदीक छिपाकर रखे गए पांच चोरी के वाहन बरामद किए गए। ये वाहन शाहबाद डेयरी, समयपुर बादली और महेंद्र पार्क थानों में दर्ज चोरी के मामलों से जुड़े हैं।

वहीं, दूसरे ऑपरेशन में भलस्वा डेयरी इलाके से 28 वर्षीय मोहसिन को पकड़ा गया। उसके पास मिली मोटरसाइकिल विजय विहार थाने में दर्ज चोरी के मामले की निकली। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर एक और चोरी की बाइक बरामद हुई, जो समयपुर बादली थाने के मामले से जुड़ी थी।

पुलिस के अनुसार, मोहसिन पहले भी चार आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जिनमें आर्म्स एक्ट के तीन मामले शामिल हैं। फिलहाल पुलिस चोरी के वाहनों के नेटवर्क और अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

रिपोर्ट - ज्योति सिंह

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।