Delhi Samachar
दिल्लीBREAKING NEWS
 Video : तुगलकाबाद में गाय के हमले से दहशत, बाल-बाल बची मासूम की जान

Video : तुगलकाबाद में गाय के हमले से दहशत, बाल-बाल बची मासूम की जान

Delhi SamacharDelhi Samachar22 June 2026, 06:14 AM10 views

दिल्ली के तुगलकाबाद एक्सटेंशन में आवारा गाय के हमले का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 19 जून को गली नंबर-10 में एक मासूम बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तभी अचानक एक आवारा गाय ने उस पर हमला कर दिया। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि गाय बच्चे को बार-बार गिराकर कुचलने की कोशिश करती है। डरा-सहमा बच्चा खुद को बचाने के लिए उठकर भागने की कोशिश करता है, लेकिन बेकाबू गाय लगातार उसका पीछा करती रहती है। इस दौरान बच्चा दर्द और डर से "मम्मी... मम्मी बचाओ" चिल्लाता रहता है, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आते हैं।

एक व्यक्ति हिम्मत दिखाते हुए बच्चे को बचाने के लिए आगे बढ़ता है। वह किसी तरह बच्चे को गोद में उठाकर वहां से भागने की कोशिश करता है, लेकिन गाय उस पर भी हमला करने के लिए दौड़ पड़ती है। कुछ दूरी पर वह व्यक्ति लड़खड़ा जाता है, जिसके बाद अन्य लोग मौके पर पहुंचकर गाय को भगाने का प्रयास करते हैं।

इस हमले में बच्चा घायल हो गया, हालांकि राहत की बात यह है कि उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में आवारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है और प्रशासन की लापरवाही के कारण ऐसे हादसे बार-बार सामने आ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से आवारा पशुओं पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Share:
Delhi Samachar

Delhi Samachar

Author

दिल्ली और एनसीआर की खबरों को कवर करने का 5 साल से ज्यादा का अनुभव। अपराध, राजनीति से लेकर सामाजिक मुद्दों तक — हर बीट पर पैनी नजर।