दिल्ली के कल्याणपुरी इलाके में लिफ्ट मांगने के बहाने युवक से नकदी झपटने के मामले में पुलिस को कामयाबी मिली है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस की नजरों से बचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामला त्रिलोकपुरी जा रहे एक युवक से जुड़ा है। जानकारी के मुताबिक, युवक से लिफ्ट मांगने के बहाने आरोपी ने ब्लॉक-4 स्थित सुलभ शौचालय के पास ₹6,000 की नकदी छीन ली और मौके से फरार हो गया। शिकायत मिलने के बाद कल्याणपुरी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने इलाके और आसपास लगे 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी जैनेश द्विवेदी उर्फ अंशु उर्फ पेटेज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी कल्याणपुरी थाने का घोषित बदमाश यानी बीसी है। उसके कब्जे से छीनी गई रकम में से ₹1,160 नकद बरामद किए गए हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ लूट, झपटमारी और आर्म्स एक्ट समेत पांच पुराने मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल दूसरे सहयोगी की तलाश कर रही है और मामले में आगे की जांच जारी है।
रिपोर्ट - ज्योति सिंह


